पुष्कर सिंह धामी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पीएम मोदी समेत कई वीआइपी हुए शामिल -आठ कैबिनेट सदस्यों को भी दिलाई गयी
देहरादून (संवाद-सूत्र) देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्यपाल लेज रिटा गुरमीत सिंह द्वारा पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी गयी। इसके साथ ही आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, चंदन रामदास, सौरभ बहुगुणा ने शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीआइपी मौजूद रहे। सितारंगज विधायक सौरभ बहुगुणा ने मंत्री पद की शपथ ली। सौरभ बहुगुणा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे हैं। सौरभ पहली बार मंत्री बने हैं। इन्होंने 2017 में भी सितारंगज से चुनाव जीता था। बागेश्वर विधायक चंदनराम दास ने मंत्री पद की शपथ ली। वह पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे हैं। चंदनराम दास लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। वह अपने सरल स्वभाव के लिए जनता के बीच खासा प्रसिद्ध हैं। रेखा आर्य ने मंत्री पद की शपथ ली पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने मंत्री पद की शपथ ली। रेखा आर्य सोमेश्वर से विधायक हैं। रेखा आर्य 2003 में पहली बार जिला पंचायत सदस्य बनीं। 2017 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रेखा आर्या बीजेपी में शामिल हो गईं और बीजेपी के टिकट पर विधानसभा पहुंचीं। सुबोध उनियाल ने मंत्री पद की शपथ ली। सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर से विधायक हैं। इससे पहले वह उत्तराखंड सरकार में कृषि मंत्री रहे हैं। पहले वह कांग्रेस पार्टी में थे। 2017 में इन्होंने भाजपा ज्वाइन की थी। पूर्व उच्चशिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने मंत्री पद की शपथ ली। 2017 में पौड़ी गढ़वाल की श्रीनगर सीट से धनसिंह रावत पहली बार विधायक बने थे। रावत अपने विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। गणेश जोशी ने मंत्री पद की शपथ ली। गणेश जोशी मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले हैं। इनका जन्म 1958 में मेरठ में हुआ था। मेरठ में उनके पिता स्वर्गीय श्याम दत्त जोशी भारतीय सेना के जवान के रूप में तैनात थे। गणेश जोशी 1976 से 1983 तक एक सैनिक के रूप में भारतीय सेना में रहे। वर्तमान में वे देहरादून में रहते हैं। प्रेमचंद्र अग्रवाल ने संस्कृत में शपथ ली। भाजपा विधायक प्रेमचंद अग्रवाल राज्य की चैथी विधानसभा के स्पीकर थे। स्पीकर पद के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया में एकमात्र नामांकन उन्होंने ही किया था। तत्कालीन प्रोटेम स्पीकर हरबंस कपूर ने सदन में उनके स्पीकर बनने की घोषणा की थी। पांचवीं विधानसभा के लिए हुए चुनावों में इन्होंने ऋषिकेश सीट से चुनाव लड़ा था। इसके बाद सतपाल महाराज ने मंत्री पद की शपथ ली। सतपाल महाराज ने चैबट्टाखाल सीट से जीत दर्ज की है। वह 2017 में बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले तक वह कांग्रेस में सक्रयि थे। सतपाल महाराज आध्यात्मि गुरु भी हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी गृह मंत्री अमित शाह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।