व्यापार मंडल ने दुकानों से एकत्र कूड़ा उठाने का अभियान चलाया -नगरपालिका में सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते नगर में गंदगी के लगे ढेर, शासन व प्रशासन मौन
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें-
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। नगरपालिका परिषद में विगत करीब तीन सप्ताह से सफाई कर्मियों की चल रही हड़ताल से नगर में सफाई व्यवस्था ठप हो गयी। शासन व प्रशासन द्वारा भी कोई सुध नहीं ली गयी है। हड़ताल के चलते नगर में कूड़े के ढेर लग गये है जिससे महामारी फैलने की आशंका के चलते व्यापार मंडल ने नगर का कूड़ा उठाने का निर्णय लिया और ट्रेक्टर ट्राली में नगर का कूड़ा एकत्र करने का अभियान चलाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, महामंत्री संदीप चावला, कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा, रमन छाबड़ा, निर्मल नारंग एवं मोहित के नेतृत्व में ट्रेक्टर ट्राली को साथ लेकर वेयर हाऊस से कूड़ा एकत्र करने का अभियान चलाया गया। जो मुख्य बाजार, गूलरभोज रोड, सकैनिया रोड, सरकारी अस्पताल तक अभियान के तहत कूड़ा एकत्र किया गया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ ने कहा नगरपालिका कर्मियों की हड़ताल को करीब 20 दिन से अधिक हो चुके है लेकिन शासन व प्रशासन द्वारा इस और कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिससे नगर में कूड़ों के ढेर लग गये है जिससे नगर में महामारी होने की आशंका पैदा होने लगी। इसको देखते हुए व्यापार मंडल द्वारा बैठक आयोजित कर निर्णय लिया गया कि नगर हित में व्यापार मंडल द्वारा ट्रेक्टर-ट्राली के साथ नगर में व्यापारियों द्वारा एकत्र कूड़े को ट्रेक्टर ट्राली में डलवाया जाये जिससे कूड़े के कारण होने वाली महामारी को रोका जा सके। इसी के तहत शुक्रवार अभियान चलाया गया। वहीं व्यापार मंडल महामंत्री संदीप चावला ने कहा कि पालिका प्रशासन व प्रशासन व शासन हड़ताल को गंभीरता से नहीं ले रहा है। जिससे नगर में गंदगी से लोगों का जीना दुभर हो गया है।
सभासद भी व्यापार मंडल के अभियान से सीख लें
नगर में व्यापार मंडल द्वारा कूड़ा उठाने का अभियान चलाया गया है। अब सभासदों को दलगत की राजनीति से ऊपर उठकर इससे सीख लेते हुए जनता हित में अपने-अपने वार्ड में भी इसी तरह घरों से कूड़ा एकत्र का अभियान चलाना चाहिए। जिससे शासन व प्रशासन की नींद खुल सके।