धान की खरीद ना होने पर किसानों ने मंडी में किया धरना प्रदर्शन, -मौके पर पहुचे तहसीलदार ने किसानों से वार्ता कर समस्या का किया समाधान -राईस मिलर्स अध्यक्ष ने किसानों से धान को सुखा कर लाने की अपील की
फोटो विवरण-गदरपुर में धान खरीद न होने पर धरना देकर बैठे किसान।
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। अनाज मंडी में कच्चे आढ़तियों द्वारा धान की खरीद ना किये जाने पर किसानों ने धरना प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट एवं मंडी समिति अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा ने वार्ता करके आश्वासन देते हुए स्पष्टीकरण दिया।
शुक्रवार को दोपहर बाद धान की खरीद ना किए जाने पर तराई किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान मंडी गेट पर धरना देकर बैठ गये और जोरदार नारेबाजी की। कलसी का कहना था कि किसानों के धान को 22 कच्चे आढ़तियों द्वारा नहीं खरीदा जा रहा है और साथ ही धान को मानक अनुरूप ना बताते हुए भारी कटौती भी की जा रही है। जिस पर उन्होंने तहसीलदार को स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि धान की लागत 1200 रुपये आ रही है जबकि धान कटौती करके 1400 रुपये प्रति कुंतल खरीदा जा रहा है तो किसान के पल्ले तो उसकी मेहनत का मूल्य भी नहीं मिल रहा। वही मानक के अनुरूप न बताते हुए धान खरीद में आना कानी की जा रही है। किसानों के शोषण का आरोप लगाते हुए तहसीलदार से न्याय की मांग की। इस दौरान तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि मानकों के अनुरूप होने पर आढ़तियों द्वारा धान की खरीद की जा रही है। परंतु कई कच्चे आढ़तियां को अभी बारदाना तक नहीं उपलब्ध हो सका है जिस पर धान की खरीद में रुकावट आ रही है। वहीं कच्चे आढ़तियों के पोर्टल बंद चल रहे हैं। राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नारंग ने किसानों से धान साफ करके सुखा कर लाये जाने की अपील की। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश घीक, मंडी समिति अध्यक्ष सुभाष गुंबर, अनिल भुसरी, अशोक धीर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों से कहा कि वह धान को सुखा कर ही लाये जिससे उनके धान को तौला जा सके। प्रदर्शन करने वालों में तराई किसान संगठन जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह गोराया, करनैल सिंह, रविंद्र सिंह , सतनाम सिंह, विपिन कुमार, निशान सिंह, रणजीत सिंह, गुरजीत सिंह, धर्मपाल सिंह, नवजोत सिंह, गुरदीप सिंह, कृपाल सिंह, ओमप्रकाश, जलील अहमद, हिकमत अली, धर्मपाल सिंह ,सुरजीत सिंह, राजेंद्र कंबोज, गुरविंदर सिंह, सहित काफी सेख्या में किसान मौजूद थे।