राममंदिर, हिंदू, कश्मीर और सरकार पर गदरपुर में खुलकर बोले प्रवीण भाई तोगडिया -राम मंदिर बनाने में हमारे पुरखे साढ़े चार सौ साल से संघर्ष कर रहे थे
गदरपुर में अंतराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक डा. प्रवीण भाई तोगड़िया का स्वागत करते कार्यकर्ता।
गदरपुर। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने गुरुवार को गदरपुर पहुंचे। गदरपुर पहुंचने पर उनका फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। श्री सुहावाराम भुड्डी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि राममंदिर मन्दिर बनाने के लिए हमारे पुरखे साढे चार सौ साल से संघर्ष कर रहे थे। आज भव्य राममंदिर बनाया जा रहा है, लेकिन मन्दिर बनाने का श्रेय कोई भी राजनीतिक दल न ले, इसका सारा श्रेय पूरे हिन्दू समुदाय को जाता है। अगर कोई भी राजनीतिक दल इसका खुद श्रेय लेने की स्पर्धा में रहेगा तो वह अपना अस्तित्व खो देगा। प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 समाप्त हो गई, अच्छी बात है, लेकिन वहां आतंकवाद का सफाया नहीं हुआ है। वहाँ आज भी पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वाले मौजूद हैं जब तक उनको समाप्त नहीं किया जाता तब तक कश्मीर के मसले को सुलझा हुआ नहीं कहा जा सकता। परोक्ष रूप से सरकार पर निशाना साधते हुए तोगड़िया ने कहा राम मन्दिर तो बन गया मगर रामराज्य आना अब भी बाकी है। आज भी 19 करोड़ हिन्दू देश में भूखे सो रहे हैं। इस समस्या को खत्म करना होगा। देश में एक करोड़ हिंदुओं के पास सोने के लिए छत नहीं है। प्रवीण भाई तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसान आज भी कर्ज मुक्त नहीं है। उन पर कर्ज का बोझ लदा हुआ है। किसानों को कर्ज मुक्त करना होगा। इन सबके साथ युवाओं को रोजगार मिले तभी देश में रामराज्य की स्थापना होगी। प्रवीण भाई तोगड़िया ने उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आ रहे हैं। राजनीतिक दलों से चर्चा करें, कितने लोगों को रोजगार दिया, कितने लोगों को छत दी, कितने हिंदुओं को सुरक्षा प्रदान की। तभी सच्चाई आपके सामने आएगी, फिर आप अपने मताधिकार का प्रयोग करें। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद देश में दस सूत्रीय योजना लेकर काम कर रहा है, जिसका मकसद हिन्दू समाज को जागरूक करने का है। तोगड़िया ने सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा कि देश में मुट्ठी भर लोगों के पैसे बढ़ रहे हैं। लोगों के रोजगार छीने जा रहे हैं। कि पहले धर्मनिर्पेक्षता की बात होती थी अब हिन्दू धर्म को लेकर स्पर्धा है। जनता जनार्दन है चुनाव में वही सोच समझकर फैसला लेगी। जो हिन्दू धर्म की सुरक्षा, हिन्दू महिलाओं के सम्मान उनके रोजगार के बारे में सोचेगा वही हिन्दू धर्म का हितैषी होगा। इससे पूर्व डा. तोगड़िया के नगर में पहुंचने पर महिलाओं ने उनको टीका लगाकर एवं फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष हिन्दु परिषद डा. आरके महाजन ने कहा कि हिन्दुओं की रक्षा करने के लिए हिन्दुओं का संगठित होना आवश्यक है। विनोद कुमार शर्मा, निशांत सिंघल, अमित ढींगरा, सुभाष जोशी, राजकुुमार राजपूत, कुंवर सिंह, गोपाल कश्यप, सूरज वाल्मीकि, भरत प्रजापति, जितेन्द्र कश्यप, जीतू सिंह, सुलेखा देवी, कैलाशो देवी, शशी पांडेय, शांति रावत, कल्पना सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।