फसल बर्बादी पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग -पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में किसानों और कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। ओलावृष्टि और बेमौसमी बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलों के उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों और कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम अमृता शर्मा का घेराव किया और प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग उठाई। तहसील परिसर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि शासन और प्रशासन किसानों के साथ छलावा कर रहा है। समय पर धान खरीद केंद्र शुरू न होने के कारण किसानों की तैयार फसल खेतों में ही पड़ी रह गई, जो प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ गई। उन्होंने कहा कि खरीद समय से शुरू कराने के लिए किसान और कांग्रेसी लगातार आवाज उठाते रहे, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। ठुकराल ने कहा कि किसान प्रति एकड़ फसल की बुआई में लगभग 25 हजार रुपये खर्च करता है, जबकि सरकार केवल पौने सात हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे ऊंट के मुंह में जीरा बताते हुए कहा कि यह राशि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो सरकार के मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों को गांवों में नहीं घुसने दिया जाएगा। घेराव के दौरान एसडीएम अमृता शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अशोक राय, करनैल सिंह, ओमपाल सिंह, सुक्खा भुसरी, सन्नी फुटेला, स्वार सिंह, राम करन, हुकुम सिंह, जसवीर सिंह, राजपाल, सोमपाल, करन सिंह, आशीष, धर्म सिंह, नन्हे सिंह, चरण सिंह, त्रिलोक सिंह, गुरुवंत सिंह, खुर्शीद हसन, रहीस अहमद, प्रीतम सिंह, प्रेम सिंह, अजय सिंह, लाल सिंह, नंदू, सूरज सिंह, पवन सिंह, अमृत, विश्वजीत, ओमपाल, मोहन मंडल, अतुल कविराज, राजेन्द्र सिंह, सुकुमार, विरेन्द्र सिंह, हरभजन सिंह, सुशील मंडल, सतनाम सिंह, रईस अहमद, मोहम्मद हामिद, सरफराज अली, नत्थू लाल, सज्जाद हुसैन, नाजिम हुसैन और आबिद हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





