मोतियापुरा में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित -ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सेवाओं, साइबर अपराधों और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर की सचिव श्रीमती ममता पन्त के निर्देशन में ग्राम मोतियापुरा में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभा ने की। कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) राजकुमारी एवं गोपाल सिंह गौतम ने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, स्थायी लोक अदालतों के प्रभावी कामकाज, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। साथ ही नालसा के थीम सॉन्ग के माध्यम से विधिक सेवाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कुसुम, आशा कार्यकर्ता तथा अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर की टीम संख्या 09, तहसील गदरपुर के अंतर्गत आयोजित किया गया।





