वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में मेयर ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं -अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम सभागार में हुआ भव्य समारोह
रुद्रपुर (सू.वि.। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम सभागार, रुद्रपुर में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में मेयर विकास शर्मा ने 80 वर्ष से अधिक आयु के 19 वरिष्ठ नागरिकों को माला, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही पी.सी. शर्मा एवं एस.के. नैय्यर ने मेयर के साथ मिलकर 60 से 80 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कक्ष और पार्क की घोषणा की। इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पुराने तहसील परिसर में खेल सामग्री, बेड, किचन, पानी एवं सोने की सुविधा से युक्त विशेष कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा तहसील परिषद के पीछे खाली पड़ी भूमि पर एक सुंदर पार्क विकसित करने की बात कही, जहां वरिष्ठ नागरिक टहलने के साथ आपस में मिल-बैठकर अपने सुख-दुख साझा कर सकेंगे। अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी विशेष सुविधा मेयर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक पर्ची व्यवस्था, चिकित्सक को दिखाने के लिए विशेष सुविधा तथा गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा और उनके हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. एल.एम. उप्रेती, पी.सी. शर्मा, डॉ. अनीता उप्रेती, पंकज कांडपाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।





