अमर इंटरनेशनल स्कूल में बाल अधिकारों एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित -बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
रुद्रपुर (सू.वि.)। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार को अमर इंटरनेशनल स्कूल, भूरारानी, रुद्रपुर में बाल अधिकारों एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित, सजग एवं सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती चंद्रकला राय, बाल विकास विभाग के सखी वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती चंचल बाला तथा चाइल्ड हेल्पलाइन की केंद्र समन्वयक चांदनी रावत और केस वर्कर गोविन्द सिंह पांगती ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। अभियान में बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने समझाया कि नशा किस प्रकार व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। साथ ही छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव और किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी बच्चे के साथ परेशानी या संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क किया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि यदि कोई बालक या बालिका असुरक्षित वातावरण में रह रहा हो अथवा उसे देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना जिला बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन को देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री असीम कुमार दास सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, गलत गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में उचित सहायता लेने का संदेश दिया गया।





