एसएस पब्लिक स्कूल के दो खिलाड़ियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, -हर्षित ने जीता गोल्ड, बलविंदर ने राष्ट्रीय स्तर के लिए किया क्वालीफाई
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर । एसएस पब्लिक स्कूल गदरपुर में बुधवार को खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर उन्हें सम्मानित किया गया। खेल महाकुंभ के 19 वर्ष आयु वर्ग में कक्षा 12 के छात्र हर्षित ने जिला स्तरीय गोला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं कक्षा 11 के छात्र बलविंदर सिंह ने प्रदेश स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। विद्यालय के अध्यक्ष श्री डीपी सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य श्री परविंदर सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर विद्यालय के साथ-साथ गदरपुर, जिले और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा और दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।





