गदरपुर पालिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। नगर पालिका परिषद गदरपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के देश के प्रति योगदान, त्याग और समर्पण को याद करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने सभी से उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गदरपुर के समस्त कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को स्मरण किया तथा स्वच्छता, सादगी और सेवा के उनके संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर द्वारा उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।





