गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन -गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि, डीएम ने सत्य-अहिंसा और ईमानदारी की राह पर चलने का किया आह्वान
रुद्रपुर (सू.वि.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित रामधुन प्रस्तुत की गई, जिससे उपस्थित लोग भाव-विभोर हो उठे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी को महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के अपने विचारों एवं व्यवहार से पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी और शास्त्री जी के विचार सदैव सभी के लिए अनुकरणीय रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हमेशा सत्य के साथ चलना चाहिए तथा अपने मन और वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। महात्मा गांधी ने देश में अनेकता में एकता की भावना को सहज रूप से प्रस्तुत किया और सामाजिक कुरीतियों को धैर्यपूर्वक समझकर उनके निराकरण के लिए प्रयास किए। उन्होंने देश को एकजुट करने और सभी को साथ लेकर चलने के लिए अभूतपूर्व योगदान दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है। समाज में खड़े अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, तभी समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप कथनी और करनी में एकरूपता लाना आवश्यक है। लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि देश के दूसरे प्रधानमंत्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का जो नारा दिया, वह देश के समग्र विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और किसान खुशहाल होंगे, तभी देश विकास की नई गाथा लिख सकेगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु कफ्लटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





