गदरपुर विधानसभा में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी -47,331 मतदाता अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत, 5,322 मामलों में प्रारूप-7 जनरेट
रुद्रपुर/गदरपुर (सू.वि.)। विधानसभा क्षेत्र 65 गदरपुर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत कुल 1,39,588 मतदाताओं के सापेक्ष 52,653 विसंगति नोटिस जारी किए गए। नियमानुसार नोटिस प्रदान कर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद इनमें से 47,331 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत किया गया है। सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने अथवा नियमानुसार आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने वाले 5,322 मतदाताओं के संबंध में प्रारूप-7 (फार्म-7) जनरेट किया गया है। इसमें 28 सितंबर को जनरेट किए गए 1,980 प्रारूप-7 भी शामिल हैं। इन मामलों में भी नियमानुसार नोटिस प्रदान कर सुनवाई की प्रक्रिया की गई है। इसके अतिरिक्त प्राप्त आपत्तियों के क्रम में प्रारूप-7 के तहत कुल 4,787 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इन आपत्तियों पर पृथक रूप से सुनवाई की गई, जिसमें 147 प्रारूप-7 स्वीकृत किए गए। शेष सभी प्रारूप-7 के आवेदन नियमानुसार निरस्त कर दिए गए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता अनुपस्थिति अथवा समुचित साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए हैं, वे आवश्यक साक्ष्य संलग्न कर फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। सभी बीएलओ को भी निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई मतदाता साक्ष्य के अभाव में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाया है, तो उससे आवश्यक साक्ष्य प्राप्त कर नियमानुसार फार्म-6 भरवाते हुए उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उप जिलाधिकारी गदरपुर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र 65 गदरपुर ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांच लें तथा किसी प्रकार की कमी होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई करें।





