ईएसआईसी अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश -सांसद अजय भट्ट ने ओपीडी, इमरजेंसी व दवा वितरण कक्ष का किया निरीक्षण, 100 बेड की क्षमता जल्द पूरी तरह संचालित करने का दिया भरोसा
रुद्रपुर (सू.वि.)। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बुधवार को रुद्रपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से वार्ता कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि पूर्व की अपेक्षा अब अस्पताल में उपचार एवं दवाइयां बेहतर ढंग से उपलब्ध हो रही हैं। निरीक्षण के बाद सांसद अजय भट्ट ने चिकित्सकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। जिन मरीजों का उपचार अस्पताल में संभव नहीं है, उन्हें समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया जाए, ताकि उनका समय पर बेहतर उपचार हो सके। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों एवं आवश्यक उपकरणों की कमी की पूरी जानकारी तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के आधार पर भारत सरकार से मांग कर चिकित्सकों एवं उपकरणों की कमी को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। सांसद ने दवाइयों की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में सांसद अजय भट्ट ने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल में कुमाऊं क्षेत्र के लगभग 10 लाख से अधिक श्रमिकों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित आय सीमा के अंतर्गत आने वाले श्रमिकों तथा पात्र दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपचार एवं दवाइयों की सुविधा दी जाती है। उन्होंने बताया कि पूर्व की अपेक्षा अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता में सुधार हुआ है। अस्पताल में स्वीकृत 100 बेड के सापेक्ष वर्तमान में 68 बेड संचालित हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सभी 100 बेड का संचालन शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अस्पताल में आवश्यक उपकरणों एवं चिकित्सकों की कमी को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए भारत सरकार से वार्ता की जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. विवेक राणा, डॉ. अतुल पांडे, डॉ. अतुल जोशी, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. केदार सिंह, डॉ. भृगुराज सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अस्पताल के चिकित्सक मौजूद रहे।





