15 हजार की रिश्वत लेते दबोचा गया दरोगा
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
दिनेशपुर। विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेशपुर थाने में तैनात एसआई अनवर अहमद को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने एसआई को निलंबित कर दिया। विजिलेंस के अनुसार, श्रीरामपुर निवासी राजेश गोलदार ने तीन दिन पहले सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उसके खिलाफ दिनेशपुर थाने में बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज हुई है जिसकी विवेचना एसआई अनवर अहमद कर रहे हैं। एसआई ने एफआईआर समाप्त करने के लिए उससे 15 हजार रुपये की मांग की है। शिकायत की पुष्टि होने पर विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार शाम टीम ने एसआई को थाना कार्यालय से रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से थाने में लंबी पूछताछ की गई। सूचना पर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी और सीओ डीआर वर्मा थाने पहुंचे जिनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई हुई। एसएसपी अजय गणपति ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच शुरू की जा रही हैं। एसआई अनवर अहमद दिनेशपुर थाने में पिछले दो साला से तैनात था। बीते वर्ष दिसम्बर में उसकी एसएसआई से एसआई के पद पर पदोन्नति हुई थी। वह थाना परिसर में सरकारी भवन रहता था। कार्यवाही के दौरान विजिलेंस टीम ने उसके कमरे और रुद्रपुर प्रीत बिहार स्थित निजी आवास की भी तलाशी ली गयी।







