गैस एजेंसी के ठेकेदार और कर्मियों पर वसूली और अभद्रता का आरोप -एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन प्रभारी तहसीलदार को सौंपा, जांच की मांग की
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। विकासखंड के तहत विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने गैस एजेंसी के ठेकेदार और उसके कर्मचारियों पर अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसडीएम को संबोधित ज्ञापन प्रभारी तहसीलदार को सौंप कर कार्रवाई की मांग की गई है। सोमवार को ग्राम प्रधान संघ की ब्लाक अध्यक्ष मीना चौधरी के नेतृत्व में कई जनप्रतिनिधि तहसील मुख्यालय पहुंचे और प्रभारी तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि गैस सिलिंडर वितरण के दौरान ठेकेदार मौके पर उपस्थित नहीं रहता और अनधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से सिलिंडर का वितरण कराया जाता है। आरोप है कि होम डिलीवरी में लगे कर्मचारी निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूल रहे हैं। विरोध करने पर कर्मचारी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान अफसाना बी, तरन्नुम जहां, मयंक कालड़ा, रिजवान हुसैन प्रदीप सिंह, तैय्यब अली, शुभम गंभीर, आयुष कोचर, दिलशाद हुसैन, बृजेश कुमार आदि उपस्थित थे।





