गदरपुर में गैस वितरण व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों का हंगामा -पुलिस की मौजूदगी में वाहनों में सिलिंडर भर कर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रवाना किए गए
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति पटरी पर नहीं आ पा रही है। एजेंसी पर रोजाना भारी भीड़ उमड़ रही है। जिससे कई बार हंगामे की स्थिति बन रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें निर्धारित समय पर गैस सिलिंडर मिल पा रहा है जिससे उनकी परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। हालांकि शहरी क्षेत्र में सभासद और ग्रामीण में ग्राम प्रधान गैस सिलिंडर के वितरण की व्यवस्था संभाल रहे हैं। शनिवार को गैस एजेंसी में सिलेंडर लेने के लिए जनप्रतिनिधियों ठेकेदार और गैस एजेंसी प्रबंधक नोकझोंक हो गई। सूचना पर पुलिस फोर्स की मौजूदगी में वाहनों में सिलिंडर भर कर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रवाना गया। इंडेन गैस एजेंसी गदरपुर के बाहर सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी भीड़। गैस एजेंसी प्रबंधक दिनेश चंद्र आर्य ने बताया कि गैस की गाड़ी की आवक न होने की स्थिति में व्यवस्था में फेर-बदल किया जाता है। उन्होंने कहा कि एजेंसी की ओर से तय रूट के अनुसार नियमित रूप से डिलीवरी वाहन भेजे जा रहे हैं और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । इसके बावजूद कुछ लोग एजेंसी पर आकर अनावश्यक हंगामा कर रहे हैं जिससे कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। ठेकेदार राकेश अरोरा का कहना था कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है लेकिन भीड़ और अव्यवस्थित माहौल के कारण दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनायें रखे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही गैस प्राप्त करें ताकि सभी को समय पर सुविधा मिल सके।





