गैस की कालाबाजारी करने वाले के खिलाफ सख्त हुआ तहसील प्रशासन, गैस एजेन्सी का तहसीलदार ने किया औचक निरीक्षण -गैस बुकिंग के आधार पर ही घर पर ही उपलब्ध होगी गैस
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। गदरपुर गैस एजेन्सी पर कालाबाजारी करने वाले बाज नहीं आ रहे है जिसके चलते तहसील प्रशासन सक्रिय होते हुए सख्त रुख अपना रहा है। इसी के तहत तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट तथा नगर पालिका ईओ कैलाश सिंह पटवाल ने गदरपुर गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर गैस वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में की गई। निरीक्षण के दौरान तहसील प्रशासन ने गैस एजेंसी प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि डीएम के आदेशानुसार अब घर-घर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से की जाएगी। एजेंसी परिसर से किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर का प्रत्यक्ष वितरण नहीं होगा। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु तीन दिन का आपूर्ति चार्ट तैयार कर सार्वजनिक करने के भी निर्देश दिए गए। ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु बनी रहे। तहसीलदार बिष्ट ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी गाड़ियों के माध्यम से होने वाले गैस वितरण के दौरान अब एक पुलिस कर्मचारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेगा, जिससे अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं करेगा। इस दौरान निरीक्षण टीम में कानूनगो विनोद कुमार, लेखपाल राजीव कुमार, लेखपाल इंदु भट्ट सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि नियमित निगरानी से उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर रोक लगाना मुख्य प्राथमिकता है।





