बस अड्डा बन कर तैयार, उद्घाटन का इंतजार -गदरपुर में शहर से तीन किमी दूर बनाया गया है रोडवेज अड्डा
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। नगरवासियों द्वारा वर्षो से बस स्टैण्ड मांग की जा रही थी। जनता की मांग पर शहर से करीब 3 किमी. दूरी पर बस स्टैण्ड करीब 6 माह से बनकर तैयार हो चुका है। छह माह बाद भी उद्घाटन नहीं हो पाया है। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की ओर से बनाए गए बस स्टैंड में चहारदीवारी, कार्यालय, कैंटीन, टिकट घर, व विश्राम गृह, प्लेटफार्म और शौचालय सहित सभी व्यवस्थाएं तैयार हैं। मुख्य द्वार पर गेट भी लगाया जा चुका है। उद्घाटन में देरी के चलते इसकी रंगाई-पुताई की चमक भी फींकी पड़ने लगी है। वर्तमान में रुद्रपुर-काशीपुर रूट की बसें मुख्य बाजार में सकैनिया मोड़, गूलरभोज रोड, कोतवाली के सामने, गुरुद्वारे के पास और दिनेशपुर मोड़ पर सवारियां उतारती-बैठाती हैं जिससे बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर होने के कारण विशेषकर रात्रि के समय यात्रियों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। रात्रि के समय यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से भी यात्री सुरक्षित नहीं होगें। हालाकि बस स्टैंड के पास ही पुलिस चैकी भी मौजूद है। इस लिए सुरक्षा की दृष्टि से यात्रियों के लिए सुरक्षित भी माना जा रहा है। ़क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बस स्टैण्ड का शीघ्र शुभारम्भ किया जाये जिससे यात्रियों को इसका लाभ मिल सके। इस संबंध में आरएम रुद्रपुर डिपो के श्रीराम कौशल का कहना है कि बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। शासन से उ़द्धघाटन की अनुमति मिलने के बाद ही रोडवेज बस स्टैंड यात्रियों की सुविधा के लिए खोल दिया जायेगा।





