काशीपुर-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के गड्ढा मुक्त कार्यों का सीडीओ ने किया निरीक्षण-गुणवत्ता परखने के लिए मौके से एकत्र कराए निर्माण सामग्री के नमूने
रुद्रपुर (सू. वि.)। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने काशीपुर-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे गड्ढा मुक्त कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सड़क की मजबूती, डामरीकरण की गुणवत्ता तथा किए जा रहे मरम्मत कार्यों को बारीकी से परखा। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करने तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीडीओ ने मौके पर ही निर्माण सामग्री के नमूने एकत्र कराए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को गड्ढा-मुक्त, सुरक्षित और सुगम सड़क मार्ग उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार किए जाएं, ताकि सड़क की गुणवत्ता और मजबूती लंबे समय तक बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने को भी कहा।





