मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
खटीमा (सू.वि.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लोहियाहेड हेलीपैड पर आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही के साथ-साथ शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर एवं सुदृढ़ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री मोहनी पोखरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, रमेश डिंगरा, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





