सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग का दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान, 738 चालान और 117 वाहन सीज -ओवरस्पीडिंग के 201 और बिना हेलमेट के 192 चालान, नशे में वाहन चलाने पर 21 के खिलाफ कार्रवाई
रुद्रपुर/हल्द्वानी (सू.वि.)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा के उद्देश्य से संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हल्द्वानी के निर्देशन में 27 एवं 28 अक्टूबर 2026 को रुद्रपुर एवं ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में दो दिवसीय सघन दिन-रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में परिवहन विभाग की विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन संचालन सहित यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघनों पर विशेष निगरानी रखी गई। परिवहन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दो दिवसीय अभियान में कुल 738 चालान किए गए, जबकि 117 वाहनों को सीज किया गया। ओवरस्पीडिंग के मामलों में 201 चालान किए गए। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 192 चालान किए गए। ओवरलोडिंग के कुल 100 मामले सामने आए, जिनमें 53 भार वाहनों तथा 47 यात्री वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त नशे की हालत में वाहन चलाने पर 21 वाहन चालकों के खिलाफ अभियोग दर्ज किए गए। यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी 534 चालान किए गए।
विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने संभाला मोर्चा
इस विशेष अभियान में श्री नवीन सिंह, प्रवर्तन दल रुद्रपुर, श्री जितेन्द्र, दल सुतईया, श्री प्रमोद कर्नाटक, प्रवर्तन दल हल्द्वानी, श्री पवन कुमार, इंटरसेप्टर हल्द्वानी, श्री आनन्द प्रकाश गुप्ता, इंटरसेप्टर, श्री गोविन्द सिंह, सचल दल, श्री तारकेन्द्र वैष्णव, सचल दल मझोला, श्री अनिल कुमार, इंटरसेप्टर काशीपुर तथा श्री सचिन कुमार, सचल दल काशीपुर सहित विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने वाहन स्वामियों एवं आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। इसके साथ ही वाहनों में क्षमता से अधिक भार या सवारियां न बैठाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज और रिफ्लेक्टर टेप दुरुस्त रखें परिवहन विभाग ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। सभी नागरिकों की सतर्कता और जिम्मेदारी से ही सड़क यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सकता है।




