ईआईएल की सीएसआर पहल से 93 दिव्यांगजनों को मिले 40 लाख रुपये के सहायक उपकरण -काशीपुर में आयोजित समारोह में 178 उपकरणों का निःशुल्क वितरण, दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में सार्थक पहल
काशीपुर (सू.वि.) । ऊधम सिंह नगर, 24 अक्टूबर। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (म्प्स्) की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड कानपुर के सहयोग से काशीपुर में दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। समारोह में 93 पूर्व-चिह्नित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के 178 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनीताल सांसद अजय भट्ट रहे। विशिष्ट अतिथियों में काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के स्वतंत्र निदेशक आशीष गुप्ता, काशीपुर महापौर दीपक बाली तथा ईआईएल के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुदीप मजूमदार शामिल रहे। इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध भी उपस्थित रहे। वहीं, ALIMCO की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा तथा सीएसआर अधिकारी नीरज यादव ने कार्यक्रम में सहभागिता की। उपकरणों के वितरण एवं कार्यक्रम के क्रियान्वयन में ALIMCO ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। दिव्यांगजनों को वितरित किए गए उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, जॉयस्टिक व्हीलचेयर, सामान्य व्हीलचेयर, बीटीई श्रवण यंत्र, टीएलएम किट, बैसाखी, छड़ी, दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए विशेष छड़ी एवं किट, वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं। ईआईएल की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर दैनिक जीवन को आसान बनाना, गतिशीलता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। कंपनी की यह सीएसआर पहल सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सहायक उपकरणों की उपलब्धता से लाभार्थियों को अपने दैनिक कार्यों में सुविधा मिलने के साथ सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में मदद मिलेगी। यह आयोजन समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




