सड़क सुरक्षा को लेकर एडीएम सख्त, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर चलेगा अभियान -अनधिकृत कट खोलने और डिवाइडर तोड़ने वालों पर होगी प्राथमिकी, बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पंपों पर भी कार्रवाई
रुद्रपुर (सू.वि.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को ओवरलोडिंग और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़कों पर अनाधिकृत कटों को बंद कराने तथा बंद कटों को अवैध रूप से खोलने और डिवाइडर तोड़ने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए। जिला सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए एडीएम ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों का संबंधित विभाग संयुक्त निरीक्षण कर उनकी सूची तैयार करें और समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर साइन बोर्ड लगाने, सड़कों के मिलान स्थलों पर गति सीमा संबंधी संकेतक लगाने तथा आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
एडीएम ने मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों की सख्ती से जांच करने तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंपों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित करने को भी कहा गया।
अनधिकृत ई-रिक्शा और निराश्रित पशुओं पर भी नजर
एडीएम ने कहा कि अत्यधिक ई-रिक्शा संचालन के कारण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। ऐसे में अनधिकृत ई-रिक्शा का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाने और उनके गले में रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। उन्होंने सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े विभागों, एआरटीओ और पुलिस को दुर्घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचने तथा दुर्घटनाओं का शीघ्र विश्लेषण कर रिपोर्ट भेजने को कहा, ताकि आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, सीओ वैभव सैनी, एआरटीओ संदीप वर्मा, मोहित कोठारी, नवीन सिंह, एनएचएआई के सोनू गुप्ता, मोहित कुशवाहा, एसीएमओ डॉ. हरीश पाण्डे तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कुलदीप सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




