जन्मदिन पर पालिकाध्यक्ष ने गदरपुर को दी विकास कार्यों की सौगात, कई निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ -सड़क, नाला और पार्क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों से सुधरेंगी नगर की मूलभूत सुविधाएं
(आकाश कोचर)
गदरपुर। नगर पालिका परिषद गदरपुर के पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर मिन्टू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों में अनेक विकास कार्यों का शुभारंभ कर शहरवासियों को सौगात दी। इन कार्यों का उद्देश्य नगर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा नागरिकों को सड़क एवं जल निकासी जैसी समस्याओं से राहत दिलाना है। पालिकाध्यक्ष द्वारा गदरपुर के मोक्षधाम में टिन शेड निर्माण, भोला कॉलोनी रोड पर नाला निर्माण, पुरातन सनातन मंदिर के सामने सड़क निर्माण तथा आवास विकास स्थित शहीद भगत सिंह पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या 7 में सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 1 में सड़क एवं नाला निर्माण, वार्ड संख्या 11 की ज्ञान विहार कॉलोनी में सड़क निर्माण तथा सकैनिया रोड पर नाला निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर मिन्टू ने कहा कि गदरपुर नगर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, सड़कों की स्थिति सुधारने, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और गदरपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और नगर का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जन्मदिन के अवसर पर विकास कार्यों का शुभारंभ करना जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में सड़क एवं जल निकासी की सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। इस दौरान विभिन्न वार्डों एवं कॉलोनियों के निवासियों ने पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर मिन्टू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर मिन्टू ने सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें नगर के विकास एवं जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गदरपुर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।





