भारत विकास परिषद की भारत को जानो एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता आयोजित -भारत को जानो प्रश्न मंच में सेंट मैरी और नवयुग विद्या मंदिर का दबदबा, राष्ट्रीय समूहगान में एस.एस. पब्लिक स्कूल प्रथम
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। भारत विकास परिषद गदरपुर द्वारा एस.एस. पब्लिक स्कूल गदरपुर में भारत को जानो प्रश्न मंच एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत को जानो प्रश्न मंच का शुभारंभ मुख्य अतिथि कश्मीर कम्बोज, कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट आर.पी. सिंह एवं विशिष्ट अतिथि पृथ्वी बजाज ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के सम्मुख संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रश्न मंच में बच्चों से प्रश्नोत्तर संगीता ग्रोवर, प्रांजल ग्रोवर एवं बानी बजाज ने संयुक्त रूप से कराए। भारत को जानो सीनियर वर्ग में सेंट मैरी स्कूल ने प्रथम तथा सिटी मॉडल स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में नवयुग विद्या मंदिर प्रथम और सेंट मैरी स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि कश्मीर कम्बोज ने भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देश, संस्कृति और इतिहास के प्रति ज्ञान एवं जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बाद राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहित हुड़िया लवली, विशिष्ट अतिथि मुनी भुसरी तथा कार्यक्रम अध्यक्ष अजय गाबा रहे। मुख्य अतिथि रोहित हुड़िया लवली ने कहा कि भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता बच्चों को एक मंच पर जोड़ने के साथ-साथ उनकी गायन प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करती है। समूहगान प्रतियोगिता में एस.एस. पब्लिक स्कूल गदरपुर ने प्रथम, सेंट मैरी स्कूल गदरपुर ने द्वितीय तथा रेड रोज कॉन्वेंट स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन समूहगान संयोजक सतीश बत्रा ने किया। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ गीतकार एवं संगीतकार रवि सरकार, दीजिन्दर मल्लिक एवं सुजीता नारंग शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पंजाबी महासभा के सदस्यों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रमोद बजाज, उपाध्यक्ष गौरव मदान, महामंत्री सागर गंडा, कोषाध्यक्ष रवि सचदेवा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रांतीय संगठन मंत्री रविंद्र बजाज, शाखा प्रभारी पारुल गुप्ता, शाखा अध्यक्ष राजीव ग्रोवर, सचिव डॉ. सोनू विश्वास, कोषाध्यक्ष सागर गाबा, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, डॉ. अरविंद धवन, डॉ. अजय श्रीवास्तव, दीपक सुधा, विनोद चुग, राकेश भुड्डी, अंजू भुड्डी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना, संतोष गुप्ता, डॉ. विनीत अरोड़ा, राकेश कम्बोज, जीवन मदान, शिवम त्रिपाठी, सोनिया विश्वास, सरोज बजाज, रवीना कम्बोज, सपना आहूजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





