गदरपुर में दो घरों से लाखों की नकदी और सोने व चाॅदी के जेवर चोरी -चोरी की घटना से ग्राम सरोवर नगर में दहशत का माहोल, पुलिस चोरों की तलाश में जुटी
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरोवर नगर में शनिवार तड़के चोरों ने दो मकानों की दीवारों में सेंध लगाकर लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। इमरान और अखलाख अहमद के परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकानों की पिछली दीवार में सेंध लगाकर घरों में प्रवेश किया। इमरान के घर से संदूक में रखे करीब चार तोला सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। वहीं, अखलाख अहमद के घर में चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर बेटी के आगामी निकाह के लिए रखे लगभग तीन तोला सोने के आभूषण, डेढ़ किलो चांदी, एक लाख रुपये की नकदी और कपड़े चोरी कर लिए। सेंधमारी से दहला सरोवर नगर रू निकाह की तैयारियों पर फिरा पानी अखलाख की बेटी का निकाह छह अक्तूबर को होना है और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि चोरों ने दो अन्य घरों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। ग्राम प्रधान मोहम्मद दानिश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।




