राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड इकाई का गठन किया गया -अध्यक्ष प्रदीप फुटेला ने वरिष्ठ पत्रकारों की कार्यकारिणी बनाई, विनोद कुमार महामंत्री कुमाऊँ,रमेश चंद्रा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेंद्र खुराना उपाध्यक्ष, नारायण परगाई महामंत्री गढ़वाल, निशांत सिंघल कोषाध्
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
रुद्रपुर। प्रदेश में पत्रकारों के हितों और अधिकारों की आवाज को संगठित रूप देने के उद्देश्य से “राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड” का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप फुटेला को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। महासंघ की कार्यकारिणी में रमेश चंद्रा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेन्द्र खुराना को उपाध्यक्ष, विनोद कुमार को कुमाऊं मंडल का महामंत्री, नारायण परगाई को गढ़वाल मंडल का महामंत्री तथा निशांत सिंघल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। महासंघ ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि पत्रकारों को निर्भीक और सुरक्षित वातावरण में कार्य करने का अधिकार मिल सके। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए पेंशन राशि में वृद्धि करने की भी मांग उठाई गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों को सहारा मिल सके। महासंघ ने यह भी प्रस्ताव रखा कि पत्रकारों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। इसके अतिरिक्त पत्रकारों के कार्य को सुगम बनाने के लिए लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल और बाइक खरीदने हेतु बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि जिन पत्रकारों की मान्यता किसी कारणवश निरस्त कर दी गई है, उनकी पुनः बहाली की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। महासंघ ने सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने की अपील की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप फुटेला ने अपने संबोधन में कहा कि महासंघ पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगा और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही संगठन का विस्तार किया जाएगा, कुमाऊँ तथा गढ़वाल मंडल में जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाएंगे। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।






