सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, की ओर से शहर के निजी होटल में सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यातिथि जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया
रुद्रपुर (सू0वि0)। सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, ऊधमसिंहनगर की ओर से शहर के निजी होटल में सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ० गुरूदेव सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) द्वारा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति का स्वागत कर किया गया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि ए०आई० का प्रयोग कर सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण कर दुर्घटनाओं में प्रभावी रोकथाम एवं नियत्रंण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, कार्यक्रम में आये सभी लोग अधिक से अधिक प्रश्न पूछिये और बेहतर से बेहतर जानिये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गणपति द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि सभी थाना इंचार्ज दुर्घटना के कारणों की बारीकियों को समझे और अपने दैनिक कार्यकलापो में उनका प्रयोग कर दुर्घटनाओं के रोकथाम में अपनी प्रभावी भूमिका कर निर्वहन करें। संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि जनपद में सम्पन्न इस कार्यशाला का उद्देद्देश्य दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील ऊधमसिंहनगर जनपद में दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना है। कार्यक्रम में जे०पी० रिसर्च इण्डिया लि० के विशेषज्ञ श्री सुमित ढुल द्वारा साईंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट के सम्बन्ध में प्रतिभागियों को प्रथम व्याख्यान के रूप में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा. परिवहन विभाग श्री नरेश संगल द्वारा रोड़ सेफ्टी एंड ओवरव्यू ऑन रोड़ एक्सीडेंट इन उत्तराखण्ड के सम्बन्ध में द्वितीय व्याख्यान के रूप में जानकारी प्रदान की गयी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में घटित हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक विश्लेषण कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति को रोकना तथा दुर्घटनाओं में होने वाले घायलों एवं मृतकों की संख्या में प्रभावी कमी लाना है। कार्यकम में प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजीटल उपकरणों का उपयोग एवं त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली के सम्बन्ध में प्रशिक्षित किया गया, जिससे दुर्घटना के मूल कारणों की पहचान कर ठोस सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकें। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति सभी सम्बन्धित विभागों की जिम्मेदारी एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यकम में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर, संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान किये गये। कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, विपिन कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, मनोज बागोरिया, मोहित कोठारी, नवीन सिंह, पूजा नयाल, संदीप वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी एवं लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय मार्ग खण्ड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।





