22वीं प्रादेशिक पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, पुरुष वर्ग में 46वीं और महिला वर्ग में 31वीं वाहिनी बनी ओवरऑल चैंपियन -पुरुष वर्ग में सुनील कुमार और महिला वर्ग में कुसुम मैखुरी को मिला सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब
रुद्रपुर (सू.वि.)। 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में आयोजित चार दिवसीय 22वीं प्रादेशिक जनपदध्वाहिनी पुलिस एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 बुधवार को भव्य समारोह के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की चल वैजयंती ट्रॉफी पर मेजबान 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर ने कब्जा जमाया, जबकि महिला वर्ग की ट्रॉफी 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के नाम रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, बेहतर समय प्रबंधन और आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही इस बार विजेता नहीं बन पाने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में पौड़ी के अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार तथा महिला वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की महिला आरक्षी कुसुम मैखुरी को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। इससे पूर्व 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट ने मुख्य अतिथि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, निर्णायक मंडल और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दूसरी बार 46वीं वाहिनी को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने किया था। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में 10 जनपद पुलिस एवं पांच पीएसीध्आईआरबी वाहिनियों की कुल 15 टीमों के 207 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें पुरुष वर्ग की 23 और महिला वर्ग की 20 एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ साइकिलिंग ट्रायल का भी आयोजन किया गया। सेनानायक ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिताओं के लिए उत्तराखंड पुलिस टीम का चयन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाएंगे। अंत में उन्होंने प्रतियोगिता को निर्विवाद एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले निर्णायक मंडल, टीम प्रबंधकों, वाहिनी के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।








