अब उर्वरक लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन टोकन कराना होगा अनिवार्य .एफएफएस ऐप के माध्यम से होगा खाद का वितरण, किसान फार्मर आईडी या आधार नंबर से कर सकेंगे पंजीकरण
रुद्रपुर (सू.वि.)। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद ऊधम सिंह नगर में 16 नवंबर से उर्वरक वितरण की प्रक्रिया ऑनलाइन टोकन प्रणाली के आधार पर शुरू कर दी गई है। अब किसानों को सुगमतापूर्वक उर्वरक प्राप्त करने के लिए अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से Framework for Fertilizer Sale (FFS) ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि किसान इस ऐप पर अपनी फार्मर आईडी अथवा आधार नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। जिन किसानों की अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनी है, वे आधार नंबर के जरिए भी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। टोकन जनरेट करने के लिए किसानों को ऐप पर भूमि एवं फसल का विवरण, आवश्यक उर्वरक और उसकी मात्रा तथा उर्वरक विक्रेता का चयन करना होगा। फार्मर आईडी से लॉगिन करने पर किसान की भूमि का विवरण स्वतः प्रदर्शित हो जाएगा। वहीं, आधार नंबर से पंजीकरण करने वाले किसानों को ।ककध्ब्संपउ स्ंदक क्मजंपसे विकल्प में जाकर अपनी श्रेणी एवं उप-श्रेणी का चयन कर भूमि से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों का भूमि रिकॉर्ड तहसील स्तर से ऑनलाइन उपलब्ध नहीं हो पाया है, वे अपने भूमि संबंधी अभिलेख भौतिक रूप से एफएफएस ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। सभी आवश्यक विवरण दर्ज करने के बाद किसान का टोकन जनरेट हो जाएगा। टोकन बनाते समय ही किसान को आवश्यक उर्वरक, उसकी मात्रा तथा संबंधित विक्रेता का चयन करना होगा। इसके बाद जनरेट हुए क्यूआर कोड को संबंधित उर्वरक विक्रेता केंद्र पर ले जाकर पीओएस मशीन में स्कैन कराना होगा। इसके माध्यम से किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. यादव ने जनपद के समस्त किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे निर्धारित ऑनलाइन टोकन प्रक्रिया अपनाकर ही उर्वरक प्राप्त करें। प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कृषि विभाग के निकटतम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।








