सत्यमेव जयते

उधम सिंह नगरक्राइम

दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी बरामद

Share on:

गदरपुर (पुलिस एंड मीडिया, गदरपुर)। दिनदहाड़े एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उसे घायल करने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोपी को गदरपुर पुलिस ने घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इटली मेड 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को विजय कुमार पुत्र होरी लाल निवासी डिबडिबा, बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि भगवानसरन दीप सिंह पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह निवासी पाम ग्रीन, रुद्रपुर ने उनके जीजा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 343/2026 के तहत धारा 109(1) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 नवंबर 2026 को ग्राम अलखदेवा तिराहा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी भगवानसरन दीप सिंह (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक इटली मेड 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या यूके06-4636 को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में  उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय, प्रभारी चैकी महतोष, हेड कांस्टेबल पूरन आर्या, कांस्टेबल कुन्दन सिंह, कांस्टेबल मोहन भट्ट शामिल रहे। गदरपुर पुलिस का कहना है कि अपराध कर कानून से बचना आसान नहीं है। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
 

खबरें

सारथी फाउंडेशन समिति ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ धूमधाम से मनाया बाल दिवस -बच्चों को खेल सामग्री एवं उपहार भेंट कर बांटी खुशियां, रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा मन

हल्द्वानी (विनोद वार्ता संवाद-सूत्र)। बाल दिवस के अवसर पर सारथी फाउंडेशन समिति की ओर से प्राइमरी पाठशाला बमोरी नगर में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ हर्षोल्लास से बाल दिवस मनाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से बच्चों को खेलने के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, फुटबॉल, पजल तथा छोटे बच्चों को छोटी गेंदें भेंट की गईं। इसके अलावा बच्चों को चॉकलेट और चिप्स के पैकेट भी वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि बच्चे हर वर्ष बाल दिवस का बेसब्री से इंतजार करते हैं। संस्था का भी प्रयास रहता है कि इस दिन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को खुशी देने का अवसर मिलना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या चम्पा पुरोहित का आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या चम्पा पुरोहित ने सारथी फाउंडेशन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के विद्यालय से जुड़ने के बाद बच्चों में बाल दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलता है। बच्चे पूरे वर्ष इस दिन का इंतजार करते हैं। उन्होंने संस्था के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए उपहार बच्चों के लिए बेहद खुशी का अवसर बने। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव ज्ञानेंद्र जोशी ने किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेंद्र जोशी, सीए सरोज आनंद जोशी, योगेश पांडे, गिरीश चन्द्र लोहनी, प्रदीप सबरवाल, अनूप कुमार, हेमा जोशी, गीता बेलवाल, भावना जोशी, भावना पांडे, रंजना जोशी, संतोष गौड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
 

जनपद ऊधम सिंह नगर में जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित,  -10 हजार जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित

रुद्रपुर (सू.वि.)। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में श्री नेलापटला अशोक बाबू, आईआरएस आयुक्त आयकर एवं निदेशक, राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में जनपद में संचालित जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशनी द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न जल संरक्षण कार्यों, उनकी उपलब्धियों तथा प्रगतिरत एवं पूर्ण हो चुके कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में मुख्य अतिथि श्री अशोक बाबू ने माननीय प्रधानमंत्री जी के जल संरक्षण संबंधी विजन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दस अवसरों पर जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद ऊधम सिंह नगर में कुल 10,000 जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति अभियानदृ‘कैच द रेन’  के अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तथा संबंधित फोटोग्राफ्स को जेएसजेबी पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के भीतर अपलोड किए जाने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के अर्द्ध-संकटग्रस्त (ैमउप-ब्तपजपबंस) क्षेत्रों, विशेषकर जसपुर एवं काशीपुर में अतिरिक्त भूजल पुनर्भरण संरचनाओं के निर्माण एवं विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, लघु सिंचाई विभाग के सुशील कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय टाटा ट्रस्ट्स, जिला टीम, टाटा मोटर्स एवं डाबर के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


 

दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी बरामद

गदरपुर (पुलिस एंड मीडिया, गदरपुर)। दिनदहाड़े एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उसे घायल करने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोपी को गदरपुर पुलिस ने घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इटली मेड 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को विजय कुमार पुत्र होरी लाल निवासी डिबडिबा, बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि भगवानसरन दीप सिंह पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह निवासी पाम ग्रीन, रुद्रपुर ने उनके जीजा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 343/2026 के तहत धारा 109(1) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 नवंबर 2026 को ग्राम अलखदेवा तिराहा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी भगवानसरन दीप सिंह (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक इटली मेड 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या यूके06-4636 को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में  उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय, प्रभारी चैकी महतोष, हेड कांस्टेबल पूरन आर्या, कांस्टेबल कुन्दन सिंह, कांस्टेबल मोहन भट्ट शामिल रहे। गदरपुर पुलिस का कहना है कि अपराध कर कानून से बचना आसान नहीं है। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
 

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित

रुद्रपुर (सू.वि.)। जनपद में आगामी 18 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 25 नवंबर 2026 को मॉप-अप दिवस का मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय दे एस के गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।बैठक में शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग जिला पंचायत राज विभाग एवं अल्पसंख्यक विभाग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ टीम एवं काउंसलर द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत निर्धारित 01 से 19 वर्ष तक आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव हेतु एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने, कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विभागीय समन्वय एवं जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों से अपील की गई कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा कोई भी पात्र बच्चा दवा सेवन से वंचित न रहे। मॉप-अप दिवस के माध्यम से छूटे हुए बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा सेवन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विद्यालयों में संचालित स्वास्थ्य एवं कल्याण गतिविधियों, हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर की भूमिका, विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ डी पी सिंह,शिक्षा विभाग के प्रदीप तिवारी, आईसीडीएस से पारुल शाह, डी पी आर ओ से  विकास चैहान, अखिलेन्द्र सिंह, अल्पसंख्यक विभाग से सलमान रजा, डीपीएम हिमांशु, डीडीएम चांद मियां, मैनेजर आमिर मैनेजर जावेद, एनजीओ एविडेंस एक्शन से विजय, सी3 एनजीओ से अरुण,ब्लॉक से टीम एवं काउंसलर आदि लोग उपस्थित रहे।
 

जिला पंचायत की बैठक में विकास कार्यों के प्रस्तावों पर लगी मुहर -35 जिला पंचायत सदस्यों ने दर्ज कराई शत-प्रतिशत उपस्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण से लेकर सड़क, बिजली और पेयजल समस्याओं पर हुई चर्चा

रुद्रपुर (सू.वि.)। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, राजस्व बढ़ाने तथा जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक सभागार का विधिवत शुभारंभ किया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू करने, सितारगंज के ग्राम तिर्कातिसौर एवं काशीपुर के ग्राम ढकियाकला में जिला पंचायत की कृषि भूमि पर गीले कूड़े के निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके लिए दो ट्रोमल मशीनें खरीदने तथा सभी विकासखंडों के कॉम्पैक्टर स्थलों पर सात वजन मशीनें लगाने के साथ टिन शेड, पक्का फर्श और चारदीवारी निर्माण पर भी चर्चा हुई। ग्राम पंचायतों के व्यापारियों एवं प्रतिष्ठानों से कूड़ा निस्तारण के लिए यूजर चार्ज वसूलने की उपविधियों पर भी विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों एवं निराश्रित गोवंश की समस्या से निपटने के लिए डॉग कैचर वाहन और एनिमल लिफ्टिंग वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नानकमत्ता स्थित खोड भूमि पर नई दुकानों तथा किच्छा के पुराने अस्पताल की भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त ग्रामीण निर्माण कार्यों की मांगों तथा 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक के दूसरे सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। सदस्यों ने अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाने और पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने का मुद्दा उठाया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी इन बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, चारदीवारी एवं सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई गई। सीडीओ ने बताया कि जिले में जिला योजना, आपदा एवं सीएसआर मद से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विद्युत विभाग की समीक्षा में झूलती बिजली की तारों एवं टेढ़े विद्युत पोल बदलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने लंबे समय से बकाया विद्युत बिलों की वसूली से पहले उपभोक्ताओं को नोटिस देने और उसके बाद ही कनेक्शन काटने की मांग की। सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से विद्युत पोल लगाने के प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जल संस्थान एवं जल निगम की समीक्षा में पेयजल लाइनों की लीकेज रोकने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग उठाई गई। सीडीओ ने सदस्यों से लीकेज वाली पेयजल लाइनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पैहनिया से कुमराहा, दियूरी एवं कुठरा तथा बलखेड़ा-खमरिया सहित विभिन्न मार्गों को गड्ढामुक्त करने की मांग की गई। इसके अलावा कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य एवं वन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक की विशेष बात यह रही कि जसपुर से खटीमा तक के सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं एवं विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे, जिन्हें बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की। पूर्व में सामने आई समस्याओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया में लाकर धरातल पर शुरू कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। बैठक में सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह डांगी, सुशील कुमार, बीएस रौतेला, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए जनपद में सांस अभियान का आगाज -12 नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में चलेगा विशेष जनजागरूकता अभियान

रुद्रपुर (सू.वि.)। बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने तथा बाल स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस के गोस्वामी के निर्देशन  में आज से सांस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में सी एम ओ कार्यालय मे आशाओं की वर्कशॉप आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर सी एम ओ ने बताया कि अभियान 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार, रोकथाम एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सीएमओ ने निमोनिया के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों में निमोनिया से एक गंभीर श्वसन संक्रमण हो सकता है, जिसकी समय पर पहचान एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई, छाती का अंदर धंसना, खांसी एवं बुखार जैसे लक्षणों के प्रति अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि बच्चों में सांस संबंधी परेशानी अथवा निमोनिया के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या लापरवाही में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण, छह माह तक केवल स्तनपान, उचित पोषण, स्वच्छता तथा धुएं एवं वायु प्रदूषण से बचाव को निमोनिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से इस अभियान के संदेश को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. डी पी सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु मस्यूनी, चाँद मियां, निधि, सहित रुद्रपुर क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकत्री उपस्थित रहीं।
 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम धामी की माता से लिया आशीर्वाद -खटीमा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत, नगला तराई स्थित धामी के आवास पर किया मध्यान्ह भोजन

खटीमा (सू.वि.। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ एवं फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नगला तराई स्थित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निजी आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की माता श्रीमती बिशना देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के परिजनों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी एवं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
 

Most Viewed