जिला पंचायत की बैठक में विकास कार्यों के प्रस्तावों पर लगी मुहर -35 जिला पंचायत सदस्यों ने दर्ज कराई शत-प्रतिशत उपस्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण से लेकर सड़क, बिजली और पेयजल समस्याओं पर हुई चर्चा
रुद्रपुर (सू.वि.)। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, राजस्व बढ़ाने तथा जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक सभागार का विधिवत शुभारंभ किया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू करने, सितारगंज के ग्राम तिर्कातिसौर एवं काशीपुर के ग्राम ढकियाकला में जिला पंचायत की कृषि भूमि पर गीले कूड़े के निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके लिए दो ट्रोमल मशीनें खरीदने तथा सभी विकासखंडों के कॉम्पैक्टर स्थलों पर सात वजन मशीनें लगाने के साथ टिन शेड, पक्का फर्श और चारदीवारी निर्माण पर भी चर्चा हुई। ग्राम पंचायतों के व्यापारियों एवं प्रतिष्ठानों से कूड़ा निस्तारण के लिए यूजर चार्ज वसूलने की उपविधियों पर भी विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों एवं निराश्रित गोवंश की समस्या से निपटने के लिए डॉग कैचर वाहन और एनिमल लिफ्टिंग वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नानकमत्ता स्थित खोड भूमि पर नई दुकानों तथा किच्छा के पुराने अस्पताल की भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त ग्रामीण निर्माण कार्यों की मांगों तथा 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक के दूसरे सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। सदस्यों ने अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाने और पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने का मुद्दा उठाया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी इन बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, चारदीवारी एवं सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई गई। सीडीओ ने बताया कि जिले में जिला योजना, आपदा एवं सीएसआर मद से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विद्युत विभाग की समीक्षा में झूलती बिजली की तारों एवं टेढ़े विद्युत पोल बदलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने लंबे समय से बकाया विद्युत बिलों की वसूली से पहले उपभोक्ताओं को नोटिस देने और उसके बाद ही कनेक्शन काटने की मांग की। सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से विद्युत पोल लगाने के प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जल संस्थान एवं जल निगम की समीक्षा में पेयजल लाइनों की लीकेज रोकने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग उठाई गई। सीडीओ ने सदस्यों से लीकेज वाली पेयजल लाइनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पैहनिया से कुमराहा, दियूरी एवं कुठरा तथा बलखेड़ा-खमरिया सहित विभिन्न मार्गों को गड्ढामुक्त करने की मांग की गई। इसके अलावा कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य एवं वन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक की विशेष बात यह रही कि जसपुर से खटीमा तक के सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं एवं विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे, जिन्हें बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की। पूर्व में सामने आई समस्याओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया में लाकर धरातल पर शुरू कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। बैठक में सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह डांगी, सुशील कुमार, बीएस रौतेला, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








