राइस मिलर संगठन ने मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से की मुलाकात, कल से सरकारी दरों पर धान खरीद शुरू करने का ऐलान -16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ होगी बैठक, राइस मिलरों की मांगों से कराया जाएगा अवगत
रुद्रपुर (सू.वि.)। मंडी परिषद में बुधवार को उत्तराखंड राइस मिलर संगठन के पदाधिकारियों ने मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात कर धान खरीद में आए गतिरोध को लेकर चर्चा की। बैठक में मेयर विकास शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राइस मिलर संगठन ने धान खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं और अपनी मांगों से मंडी परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने आश्वासन दिया कि संगठन की सभी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। इस संबंध में 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया जाएगा। मंडी परिषद अध्यक्ष ने राइस मिलरों से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल धान खरीद शुरू करने का आग्रह किया। इस पर राइस मिलर संगठन के अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि सभी राइस मिलर अगले दिन से किसानों का धान सरकारी दरों पर खरीदना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि समस्त राइस मिलर सरकार की नीतियों का पालन करेंगे और किसानों के हितों को प्राथमिकता देंगे। संगठन की ओर से मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू का समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए पहल करने पर आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में राइस मिलरों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। इस बैठक के बाद धान खरीद प्रक्रिया में आए गतिरोध को दूर करने और किसानों को राहत दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।





