श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी गदरपुर में श्री राम वनवास एवं केवट प्रसंग का भावपूर्ण मंचन -कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को किया भावविभोर, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह का किया स्वागत एवं अभिनंदन
(अंकुर चावला)
गदरपुर। श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी गदरपुर द्वारा आयोजित 71वें श्री रामलीला मंचन के अंतर्गत मंगलवार को श्री राम वनवास एवं केवट प्रसंग की लीला का भव्य एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्री राम के वनवास, माता सीता एवं लक्ष्मण के साथ वन गमन और केवट प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर कर दिया। लीला के दौरान श्री राम की भूमिका रोहित पोपली, लक्ष्मण की भूमिका कशिश खुराना, माता सीता की भूमिका सागर कालड़ा तथा केवट की भूमिका राजकुमार भुड्डी ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से पात्रों को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से केवट प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया और भगवान श्री राम के प्रति भक्ति, समर्पण एवं प्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी गदरपुर की ओर से उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण लाल अनेजा, महामंत्री अशोक धीर, कोषाध्यक्ष अनिल सुधा तथा डायरेक्टर सिद्धार्थ भुसरी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में सचिन बजाज, शैलेंद्र शर्मा, संजीव अरोड़ा, इंद्रपाल सिंह संधू, सतीश छाबड़ा, विजय छाबड़ा, अशोक पोपली, संजीव गाबा, चिराग मुरादिया और संजय डंग सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
1955 से निरंतर हो रहा रामलीला का मंचन
उल्लेखनीय है कि श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी गदरपुर द्वारा वर्ष 1955 से निरंतर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। कमेटी वर्षों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने के साथ ही भगवान श्री राम के आदर्शों, मर्यादा और उनके जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। रामलीला के माध्यम से समाज में सत्य, धर्म, त्याग, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है।





