जिलाधिकारी ने ली वर्चुअल मासिक समीक्षा बैठक, लापरवाह अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब
ऑपरेशन प्रहार के तहत 30 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार -मोटरसाइकिल से शराब ले जाते समय गदरपुर पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
(पुलिस एंड मीडिया गदरपुर)
गदरपुर। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 30 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 सितंबर 2026 को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को सुख शांति नगर गांव के अंतिम छोर की ओर जाने वाली सड़क पर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मोटरसाइकिल से जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक सफेद रंग के कट्टे के अंदर काले रंग की रबर की ट्यूब बरामद हुई, जिसमें करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब बरामद होने के बाद आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह पुत्र रेशम सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सुख शांति नगर, थाना गदरपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या यूके06एच 3459 को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 288/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल निकुल जाटव, कांस्टेबल मोहन भट्ट शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।





