कूटरचित प्रमाण-पत्र प्रकरण में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई -एमबीबीएस प्रवेश के लिए फर्जी अभिलेखों के आधार पर प्रमाण-पत्र बनवाने का मामला, एफआईआर दर्ज
(मीडिया ग्रुप तहसील गदरपुर)
गदरपुर। तहसील गदरपुर क्षेत्र में कूटरचित अभिलेखों के आधार पर स्थायी निवास, जाति एवं अन्य प्रमाण-पत्र बनवाए जाने के गंभीर प्रकरण में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सामने आए प्रकरणों में संबंधित प्रमाण-पत्रों को निरस्त करने के साथ ही संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा कूटरचित अभिलेखों के आधार पर प्रमाण-पत्र तैयार करवाए गए थे। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि इन प्रमाण-पत्रों का उपयोग देहरादून में NEET परीक्षा के उपरांत MBBS में प्रवेश प्राप्त करने के उद्देश्य से किया जाना था। संबंधित प्रकरणों में अब तक पाँच व्यक्तियों प्रभात चैधरी, वनवी कुमारी, प्रियांशु गुप्ता, वैष्णवी सिंह, अवंतिका डवास के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कूटरचित अभिलेखों के आधार पर जारी स्थायी एवं अनाथ प्रमाण-पत्रों को निरस्त किया गया है एवं जाति प्रमाण-पत्रों के संबंध में नियमानुसार जिला स्क्रूटनी समिति को संस्तुति भी की गई है। प्रकरण की जांच के दौरान निखिल वर्मा एवं शुभम हुडिया निवासी गदरपुर की भूमिका सामने आने पर दोनों से गहन पूछताछ की गई तथा उनके बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनमें प्रकरण से संबंधित रिकॉर्डिंग एवं दस्तावेज पाए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। दोनों मोबाइल फोन को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार लीना चंद्रा धामी, राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार तथा संबंधित राजस्व कार्मिकों एवं पटवारियों की उपस्थिति में की गई। प्रकरण में अभिलेखों की जांच, संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई देर रात से लेकर प्रातः लगभग 03.00 बजे तक जारी रही। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कूटरचित अभिलेख तैयार कर शासकीय प्रमाण-पत्र प्राप्त करने अथवा उनके आधार पर अनुचित लाभ लेने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





