विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत विकास परिषद ने किया वृक्षारोपण -श्री सनातन धर्म मंदिर परिसर में लगाए दर्जनों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा गदरपुर द्वारा नगर के सनातन धर्म मंदिर, बुध बाजार परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा नगर को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने का संदेश देना था। इस दौरान परिषद पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मिलकर दर्जनों छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। भारत विकास परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पूर्व में एक विशेष पर्यावरण टीम का गठन किया गया था। इसी टीम के अंतर्गत पर्यावरण सहसंयोजक रीता गाबा के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस पर यह अभियान संचालित किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष राजीव ग्रोवर ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार भी हैं। वहीं सचिव डॉ. विप्रजीत विश्वास (सोनू) ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस अवसर पर भारत विकास परिषद गदरपुर शाखा के कोषाध्यक्ष सागर गाबा, डॉ. अजय श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद धवन, सतीश बत्रा, दीपक सुधा, राकेश भुड्डी (बंटी), डॉ. विनीत अरोड़ा, अंजू भुड्डी, पूनम अरोरा, सनातन धर्म मंदिर के पुजारी शिवप्रसाद अग्निहोत्री, विकास मुरादिया (विक्की) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। भारत विकास परिषद ने भविष्य में भी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने की बात कही, ताकि गदरपुर को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।




