राशन वितरण में अनियमितता पर भड़के ग्रामीण -सस्ता गल्ला की दूकान को सील कर दिया गया
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। ग्राम पिपलिया नंबर एक में सस्ता गल्ला विक्रेता के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को नाराज ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता और समय पर खाद्यान्न न दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद भी राशन नहीं दिया जाता जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण में मनमानी की जा रही है औ कई उपभोक्ताओं को नियमानुसार पूरा राशन नहीं मिलता। वहीं गुलाबी कार्ड धारकों ने बताया कि उन्हें लंबे समय न से चीनी का वितरण नहीं किया जा द रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मामले की सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक चन्द्रशेखर कांडपाल और अल्पना बजाज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। जांच के दौरान सस्ता गल्ला विक्रेता मौके से नदारद मिला। ग्रामीणों से मिली जानकारी और मौके की गंभीरता के चलते प्रथम दृष्टया अनियमितताएं पाए जाने पर पूर्ति निरीक्षक चंद्रशेखर कांडपाल ने सस्ता गल्ला दुकान को सील कर दिया। पूर्ति निरीक्षक कांडपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि राशन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे। इस मौके पर गौरव बाला, गोविंद विश्वास, ओमप्रकाश, कालीपद, रूप माला, चंचल सरकार, कमलेश, फूल माला आदि मौजूद थे।




