जिला आपदा प्रबंधन सभागार कक्ष में सड़क सुरक्षा अभियान एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया
रूद्रपुर। जिला आपदा प्रबंधन सभागार कक्ष में सड़क सुरक्षा अभियान एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के निर्देशन में फायर सर्विस रुद्रपुर की टीम द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रर्वतन एवं प्रशासन) ने परिवहन विभाग के चालकों एवं परिचालकों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने आग लगने की स्थिति में सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्रभावी बचाव उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही फायर स्टेशन रुद्रपुर की टीम द्वारा प्रतिभागियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम 24×7 संचालित रहता है। किसी भी आपदा की स्थिति में आमजन दूरभाष नंबर 05944-250250, 250500, 250719, टोल फ्री नंबर 1077 तथा मोबाइल नंबर 9412088410 पर संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 15वीं बटालियन गदरपुर में तथा एसडीआरएफ की टीम रुद्रपुर में तैनात है, जो किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए सदैव तैयार रहती हैं।उन्होंने अवगत कराया गया कि जिला आपदा प्रबंधन विभाग 24×7 सक्रिय रहकर प्रशिक्षित मानव संसाधन, आधुनिक उपकरणों एवं विभिन्न विभागों के समन्वय के माध्यम से आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल आयोजित कर आमजन को आपदा के प्रति सजग एवं आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयास किए जाते हैं।मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा ऐसे अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में हमारी तैयारियों को सुदृढ़ करते हैं तथा जनमानस को सतर्क एवं जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।






