कलेक्ट्रेट में मनाया गया संविधान दिवस, जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ
कलेक्ट्रेट में मनाया गया संविधान दिवस, जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ
रूद्रपुर (सू.वि.)। जनपद में संविधान दिवस श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि 26 नवंबर का दिन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को विधिवत अपनाया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें एक स्वतंत्र नागरिक के रूप में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार जहां हमारे अधिकारों की रक्षा करते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य हमें अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। इससे हम देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी निर्मला बिष्ट, विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी रेखा आर्या, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, डीजीसी क्राइम नंदन सिंह धामी, सीमा रानी, जयपाल सिंह, रतन सिंह कम्बोज, सुमित कन्याल, सुजाता आजाद, गुल्फसा मलिक, बसंती गिरी, प्रकाश चन्दोला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








