मुख्यमंत्री ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया भव्य शुभारंभ, स्नान घाट निर्माण की घोषणा -50 हजार अतिरिक्त आवासों की सौगात, सीमांत क्षेत्रों के विकास और शारदा कॉरिडोर के विस्तार पर मुख्यमंत्री का विशेष जोर
खटीमा (सू.वि.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने झनकईया तथा नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा भी की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया मेला हमारी प्राचीन आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। पीढ़ी दर पीढ़ी आयोजित होने वाला यह मेला नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का अटूट रिश्ता है। मेले में उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर, सीतापुर सहित अनेक क्षेत्रों से व्यापारी और श्रद्धालु पहुंचते हैं। थारू समाज की लोक परंपराएं, लोकगीत और लोकनृत्य इस मेले की विशेष पहचान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य आवासीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों के माध्यम से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के जरिए जनजातीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 36 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मेले के लगातार बढ़ते स्वरूप को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाट, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और कालापुल के समीप पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही वनशक्ति मंदिर, भारा मल बाबा मंदिर और बनखंडी महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को भी विकसित एवं आकर्षक बनाने की बात कही। मेले में मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े भी खरीदे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।








