आरबीएसके के अंतर्गत मल्टी स्पेशलिटी कैंप का आयोजन -डी ई आई सी में बच्चों का हुआ चेकअप
युवा महोत्सव में 415 युवक-युवतियों ने दिखाई प्रतिभा, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में खटीमा रहा अव्वल -महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, विजेताओं को किया सम्मानित
रुद्रपुर (सू.वि.)। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में युवा भवन रुद्रपुर में जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे करीब 415 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और देश की प्रगति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच प्रदान करते हैं। महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा निखारने के साथ-साथ लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम है। लोकगीत प्रतियोगिता में थारू खड़ी बोली में खटीमा ने प्रथम, नोगजे पब्लिक स्कूल खटीमा ने द्वितीय तथा विकासखंड रुद्रपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में खटीमा प्रथम, सरदार भगत सिंह महाविद्यालय रुद्रपुर द्वितीय तथा विकासखंड जसपुर तृतीय स्थान पर रहा। डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरीश दनाई एवं धीरज पांडे ने किया। इस अवसर पर बीओ पीआरडी अमित सैनी, विपिन गौतम, नंद किशोर जोशी, राजेंद्र लाल वर्मा, खेल प्रशिक्षक रवि कुमार, विमल पांडे, शैलेंद्र सिंह, धर्म सिंह, शुभम एवं संदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







