27वां कारगिल विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल मे श्रद्धापूर्वक मनाया गया
रूद्रपुर (सू0वि0)। 27वां कारगिल विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल मे श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एसपी सिटी डाॅ0 उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी, पुलिस विभाग एवं विभिन्न विभागो के अधिकारियो व भूतपूर्व सैनिको द्वारा कारगिल युद्ध मे शहीद हुए जनपद के हवलदार पदम राम व राइफलमैन अमित नेगी के चित्रो पर पुष्पचक्र व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली दी व कारगिल युद्ध में घायल हुए मान सिंह मेहता को अंग वस्त्र भेट कर सम्मानित किया गया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा ने सहभागिता कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। उन्होने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य पराक्रम, अटूट संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। हमारे वीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और देश की अखंडता एवं सम्मान की रक्षा की। उनका बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। युवाओं को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) के.डी. सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि, भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा संचालित सैन्य अभियानों तथा विजय के पीछे सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन और समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों के अद्वितीय समन्वय, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अत्यंत विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने असाधारण वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और तिरंगे की आन-बान-शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने सेना में अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च संकल्प होता है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए जवान हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कारगिल दिवस के शहीदो को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा सर्वोपरि है, जिन जवानो, सैनिकों ने देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान किया है, हमें उन पर गर्व करना चाहिए। जिन वीर सैनिको ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किये, उन्हंे याद करने के साथ उनकी कुर्बानी को भी याद रखना चाहिये तथा युवा पीढ़ी कोे इससे सीख लेनी चाहिए। उन्होने कहा कि शहीदों व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निदान किया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी ने वर्ष 1999 मे हुए कारगिल युद्ध के कारणों एवं कारगिल विजय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कारगिल युद्ध मे भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस का प्रदर्शन करते हुए जीता। उन्होंने बताया इस युद्ध मे देश के 30 हजार सैनिकों ने भाग लिया, युद्ध में देश के 527 जवान शहीद हुए जिसमे प्रदेश के 75 व जनपद के 02 जवान शामिल हैं। इस युद्ध मे देश के 1363 जवान घायल हुए। उन्होंने बताया कि इस युद्ध मे शहीद हुए जवानों की स्मृति मे प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को कारगिल दिवस शौर्य दिवस के रूप मे मनाया जाता है। शौर्य दिवस के अवसर पर जनपद में शिक्षण संस्थाओं द्वारा कारगिल युद्धध्देशभक्ति से संबंधित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता तथा खेल विभाग द्वारा आयोजित क्रास कन्ट्री प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। निबंध प्रतियोगिता में कु.गरिमा प्रथम, कु. अवनि गौतम द्वितीय व कु. शाहिन तृतीय रहीं, भाषण प्रतियोगिता में कु. सोनम प्रथम, विनिता द्वितीय व जागृति रहीं तथा चित्रकला में नितेश विश्वास प्रथम, वंशिका वर्मा द्वितीय व नीतिका मण्डल तृतीय स्थान पर रहे एवं देशभक्तिा कविता के लिए कु. कनिष्का पाण्डे को सम्मातिन किया। इसके साथ ही क्रॉस कंट्री रेस में ओपन पुरूष वर्ग में पुष्कर चन्द्र प्रथम, केवल चन्याल द्वितीय, व अमन तृतीय रहे तथा ओपन महिला वर्ग में माया प्रथम, गितिका द्वितीय व जस किरन तृतीय स्थान पर रहीं जिन्हें कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विंग कमाण्डर एच के राय (से०नि०), श्री अखिलेश सिंह सी०ओ० बाजपुर एवं काशीपुर, ले० कर्नल गुरुदेव सिंह (से०नि०), ले० कर्नल आर०पी० सिंह (से०नि०) उपाध्यक्ष सैनिक परिषद ऊधमसिंह नगर, श्री गजेन्द्र सिंह परवाल आर०आई०, श्रीमती दीपा साही संचार इन्सपेक्टर, श्रीमती जानकी कार्की जिला किड़ा अधिकारी, सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की (से०नि०), नायक मान सिह मेहता (से०नि०) कुमाँऊ रेजिमेन्ट, श्रीमती मन्जु रावत पत्नी लान्स नायक शहीद कैलाश रावत, 16 गढ़वाल राईफल्स, सी०पी०ओ० प्रेम सिंह देऊपा (से०नि०), हव० हीरा सिंह (से०नि०), पी०ओ० गिरधर सिंह (से०नि०), हव० प्रकाश बिष्ट (से०नि०), पूर्व सैनिकों सहित पुलिस जवान आदि मौजूद थे।



