गदरपुर के ग्राम गोपाल नगर में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन -नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ, शिविर में 18 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण किया गया
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
गदरपुर। विकासखंड गदरपुर के अंतर्गत ग्राम गोपाल नगर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय में आज ब्लॉक प्रमुख श्रीमती ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि श्रीमान प्रीत ग्रोवर श्रीमती सिल्की खेड़ा, जिला पंचायत सदस्या एवं खंड विकास अधिकारी श्रीमती अतिया परवेज की उपस्थिति में बहुउद्देशीय जनकल्याण योजना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर आमजन को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में जल संस्थान, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), उझन मसाला ग्रोथ सेंटर, समाज कल्याण विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों ने सहभागिता की। सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आमजन को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विभागीय अधिकारिय एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। एनआरएलएम एवं रीप के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण संबंधी जानकारी दी गई। वहीं उड़ान मसाला गोथ सेंटर द्वारा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन कर स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किटों का वितरण भी किया गया, साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गयी तथा सभी से नशे के विरु़द्ध जनजागरुकता फैलाने का आहृवाहन किया गया। शिविर में 18 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 311 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओ से जोड़ना तथा जनकल्याण कार्यक्रमों के प्रति जागरुकता बढ़ाना रहा।




