बड़ी खबर: दारू के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की मंशा रह गई धरी की धरी, नानकमत्ता पुलिस ने पकड़ी तीस पेटी हरियाणा मार्का शराब, एक गिरफ्तार
उमेश पाण्डेय
सितारगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रत्याशी साम, दाम, दंड व भेद में से किसी के प्रयोग से येन केन प्रकारेण विजय श्री हासिल करने की जुगत में लगे हैं। इसी तरह शराब के सहारे विजय श्री हासिल करने की प्रत्याशी की मंशा धरी की धरी रह गई। नानकमत्ता पुलिस ने ग्राम पहसैनी के एक घर से 30 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गणेश सिंह पुत्र दयाल सिंह निवासी ग्राम पहसैनी के घर पर छापा मारा। वहां से हरियाणा ब्रांड की 30 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने गणेश को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के अनुसार आरोपी से शराब के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह शराब जिला पंचायत सदस्य के एक प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में मतदाताओं को बांटने में इस्तेमाल की जानी थी। पुलिस ने शराब की पेटियां सील कर ली हैं। एसओ ने बताया कि प्रत्याशी के विरूद्ध भी कार्यवाही की जा रही हैं।