सत्यमेव जयते

खबरें

कैबिनेट मंत्री ने किया जसपुर नगर पालिका का औचक निरक्षण -गैर हाजिर अधिकारियो पर कार्यवाही के दिए निर्देश

जसपुर (सू.वि.)। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया जसपुर नगर पालिका का औचक निरक्षण गैर हाजिर अधिकारियो पर कार्यवाही के दिए निर्देश कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आज नगर पालिका परिषद,जसपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच करने पर कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनमें से कुछ लोग कई दिनों से कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। साथ ही निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में मदिरा पान जैसी सामग्री पाई गई!  मंत्री कैड़ा ने कहा जनहित से जुड़े कार्यो में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कार्यालय की गरिमा के प्रतिकूल आचरण को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को इस पूरे मामले की नियमानुसार जांच करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा ने कहा जनता के प्रति जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। जनता की समस्याओं का समाधान करना अधिकारियो की  जिम्मेदारी है! मंत्री कैड़ा ने कहा अगर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूर्ण रूप से निर्वाहन नहीं करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी!

 

मुख्यमंत्री ने खटीमा में हेलीपैड लोहियाहेड में जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुलक्षेम पूछी व जनसमस्याएं सुनी  -समस्याओं का समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए

खटीमा (सू.वि.)। सूबे के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रमानुसार सोमवार को खटीमा में हेलीपैड लोहियाहेड में जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुलक्षेम पूछी व जनसमस्याएं सुनी । उन्होंने समस्याओं का समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा जन समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है,इसलिए जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक सुरेश गढ़िया, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू,  गम्भीर सिंह धामी, मोहिनी पोखरिया, रनदीप पोखरिया, नवीन बोरा,भवानी भंडारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि, जनता उपस्थित थे।
 

मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल सीमा स्थित लोहियाहैड क्षेत्र का किया निरीक्षण, पर्यटन विकास की संभावनाओं का लिया जायजा

खटीमा सू0वि0)। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा के सीमांत क्षेत्र भारत-नेपाल सीमा स्थित लोहियाहैड में शारदा बाईपास चैनल का निरीक्षण कर क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहैड का यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और घने वनों से आच्छादित होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में शारदा कॉरिडोर के विकास का कार्य प्रगति पर है तथा इसके लगभग 200 वर्ग किलोमीटर के दायरे में आने वाले इस क्षेत्र को भी विकास योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, उनकी आय में वृद्धि होगी तथा सीमांत क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर आजीविका उपलब्ध होने से वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास करते हुए प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास की संभावनाओं का आकलन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, रंदीप पोखरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि, जनता उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की जनता, जनप्रतिनिधियों से मुलाकात

रामनगर (सू.वि.। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार रविवार को पुलिस लाईन हैलीपेड पहुंचे। हेलीपैड पहुंचने पर पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधयाक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, भारत भूषण चुघ, अमित नारंग, प्रीत ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि ने स्वागत किया ।
 

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधायक एवं मेयर द्वारा शुभारम्भ किया

रुद्रपुर (सू.वि.)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के अंतर्गत आज जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में माननीय विधायक रुद्रपुर श्री शिव अरोड़ा तथा माननीय मेयर श्री विकास शर्मा ने अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय जान प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा जनपदवासियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियोरोधी दवा पिलाने की अपील की गई। इस अवसर पर विधायक रुद्रपुर श्री शिव अरोड़ा एवं श्री विकास शर्मा, मेयर रुद्रपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. एम. के. तिवारी तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस पी सिंह ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभियान के अंतर्गत जनपद में 1322 बूथ, 855 टीमें एवं 9 जोन बनाये गए हैं। जनपद के 274889 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जनपद को 9 जोनों में विभाजित किया गया है तथा सभी जोनल अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र आवंटित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा पोलियोरोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में डॉ जुनैद कमर, डॉ मीनाक्षी सुमन (डब्लू एच ओ),ए एन एम दीपा जोशी, प्रदीप महर, नन्दलाल, हेम पंत, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
 

बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना में बने 1872 आवासों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण 

रूद्रपुर (सू0वि0)। बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 156 करोड़ की लागत से निर्मित 1872 आवास शीघ्र लाभार्थियों को आवंटित होंगे। रविवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बागवाला रुद्रपुर पहुँचकर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 156 करोड़ की लागत 1872 आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निर्मित आवासों का लोकार्पण कर लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान आवास के लाभार्थियों द्वारा जमा धनराशि की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण ने बताया कि पीएम आवास हेतु 3 लाख सरकार द्वारा एवं 3 लाख की धनराशि लाभार्थी द्वारा जमा किये जाने है। उन्होने बताया कि निर्मित आवासों की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है तथा आवास परिसर में पौधारोपण का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आवास परिसर में एस.टी.पी. बना गया है तथा उसकी टेस्टिंग भी कर ली गई है। इस दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
 

मुख्य सचिव ने सिडकुल द्वारा निर्माणाधीन एरोमा पार्क, काशीपुर बाईपास रिंग रोड का अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया

काशीपुर (सू0वि0)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने एक दिवसीय काशीपुर भ्रमण के दौरान सिडकुल द्वारा निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क, एस्कॉर्ट फार्म में सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म में 803 एकड़ भूमि, फोर लेन स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग काशीपुर-रामनगर, काशीपुर बाईपास रिंग रोड का अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। सिडकुल निरीक्षण दौरान विस्तृत जानकारीया ली। क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल ने बताया कि ईएमसी 133 एकड़ का है इसमें 56 प्लाट है जिसमें से 22 प्लॉट बिक चुके हैं शेष प्लॉट इन्क्वारी में है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि ईएमसी प्रोजेक्ट 177 करोड़ का है जिसका काम पेयजल निगम द्वारा  किया जा रहा है, कार्यदायी संस्था पेयजल निगम द्वारा अवशेष धनराशि 45 करोड़ की मांग शासन को भेजी गई है धनराशि मिलने पर इस प्रोजेक्ट का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मुख्य सचिव ने ईएमसी में पौधारोपण भी किया। इसके बाद मुख्य सचिव ने सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म में 803 एकड़ भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया व जानकारियां ली। इसके उपरान्त मुख्य सचिव ने फोर लेन स्वीकृत एनएच काशीपुर-रामनगर व काशीपुर बाईपास रिंग रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान अधीक्षण अभियंता एनएच ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग काशीपुर-रामनगर के 5.75 किमी. से रामनगर की ओर 18.26 किमी. चोर लेन स्वीकृत है जिसकी लागत 494.45 करोड़ है। उन्होने बताया कि कार्य का टेण्डर हो चुका है, भूमि मुआवजा वितरण प्रक्रिया में है व वन भूमि हस्तान्त्रण प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है, सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। सचिव ने एनएचआई से बाईपास कार्यो की विस्तृत जानकारी ली व कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, आरएम सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चन्दोला आदि मौजूद थे।